तालाब की भूमि से अवैध कब्जे की पैमाइश, 26 मकान चिह्नित

By Liberal Media

Published On:

Date:

संभल में सर्वे के दौरान हुई हिंसा के बाद शासन के निर्देश पर प्रशासन द्वारा सरकारी भूमियों को चिह्नित कर उन पर हुए अवैध कब्जे हटाने की कार्रवाई तेज कर दी गई है। इसी क्रम में मंगलवार को हयातनगर थाना क्षेत्र के सरायतरीन कस्बे के वाजिदपुर सराय मोहल्ले में स्थित तालाब की भूमि की पैमाइश कराई गई।

नायब तहसीलदार दीपक सिंह के नेतृत्व में राजस्व विभाग की एक बड़ी टीम मौके पर पहुंची। टीम में चार राजस्व निरीक्षक और 20 लेखपाल शामिल रहे, जिन्होंने तालाब की भूमि की बारीकी से नापजोख की। पैमाइश के दौरान प्रत्येक मकान की माप की जा रही थी, जिसके चलते पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा रहा।

किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। थाना हयातनगर के साथ-साथ रायसत्ती, कैला देवी, हजरतनगर गढ़ी और कुढ़ फतेहगढ़ थानों की पुलिस, महिला पुलिस एवं बड़ी संख्या में पीएसी जवान मौके पर मौजूद रहे। पुलिसकर्मियों ने लोगों की भीड़ को राजस्व टीम के पास एकत्र नहीं होने दिया। पूरे क्षेत्र की ड्रोन कैमरे से भी निगरानी की गई।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights