वाराणसी में मकर संक्रांति पर्व नजदीक आते ही बाजारों में जबरदस्त रौनक देखने को मिल रही है। कपसेठी, राजातालाब, मिर्जामुराद, कछवा रोड और सेवापुरी के बाजारों में पतंगों की दुकानों पर खरीदारों की भारी भीड़ जुटी है। दुकानों पर रंग-बिरंगी पतंगें और मांझे सजे हुए हैं, जिन्हें देखकर बच्चे और युवा दोनों ही उत्साहित नजर आ रहे हैं।
दुकानदारों के अनुसार इस बार दिल्ली, जयपुर और अहमदाबाद से आई आकर्षक डिजाइन और कार्टून प्रिंट वाली पतंगों की खूब मांग है। विशेष रूप से बच्चों में स्पाइडरमैन, छोटा भीम, डोरेमॉन और सुपरहीरो डिजाइन वाली पतंगें पसंद की जा रही हैं। वहीं युवाओं के बीच बड़ी साइज की “चंदन”, “दिल्ली कट” और “मनकी” पतंगों की बिक्री जोरों पर है।
मांझे के बाजार में भी नई-नई किस्में देखने को मिल रही हैं। हालांकि, प्रशासन की सख्ती के चलते लोग अब खतरनाक केमिकल मांझे की बजाय सूती और पर्यावरण के अनुकूल मांझे को प्राथमिकता दे रहे हैं।
बाजारों में पतंगबाजी के शौकीन लोग पहले से ही तैयारियां शुरू कर चुके हैं।








