गोला गोरखपुर के बड़हलगंज स्थित डेरवा खेल मैदान में बुधवार को स्वर्गीय गंगा यादव क्रिकेट प्रतियोगिता का पहला सेमीफाइनल मैच खेला गया। मुकाबले में बरहज टीम ने खोहियापट्टी को 63 रनों से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया।
खोहियापट्टी ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला किया। बल्लेबाजी करते हुए बरहज की टीम ने 14 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 224 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी खोहियापट्टी की टीम 14 ओवर में सभी विकेट गंवाकर 161 रन ही बना सकी। शानदार प्रदर्शन के लिए बरहज के विशाल को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
मैच के शुभारंभ से पूर्व मुख्य अतिथि बड़हलगंज ब्लॉक प्रमुख रामआशीष राय, शिफा हॉस्पिटल के डॉ. बबलू यादव और समाजसेवी व व्यवसायी विशाल यादव उर्फ छोटू ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख रामआशीष राय ने कहा कि खेल प्रतियोगिताओं से खिलाड़ियों में प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है, जिससे उनका सर्वांगीण विकास होता है।









