बलिया। महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा कला के क्षेत्र में पुरस्कृत दलन छपरा सेमरतर निवासी कक्षा सात की छात्रा खुशबू यादव को भाजपा के वरिष्ठ नेता सूर्यभान सिंह ने सम्मानित किया। खुशबू के पिता हरिशंकर यादव की आर्थिक स्थिति को देखते हुए भाजपा नेता की ओर से उनकी पढ़ाई के लिए 51 हजार रुपये की नकद धनराशि व अंगवस्त्र भेंट किया गया।
भाजपा नेता सूर्यभान सिंह ने अपने भाई यशवंत सिंह उर्फ टन्नू व टीम के माध्यम से खुशबू को सम्मानित कराया, साथ ही वीडियो कॉल के जरिए खुशबू व उसके परिजनों से बातचीत कर राष्ट्रपति द्वारा मिले सम्मान पर बधाई दी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि खुशबू की शिक्षा में हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
खुशबू के पिता हरिशंकर यादव ने बताया कि वह गुड़गांव में लस्सी बेचकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं और हर हाल में बेटी को उच्च शिक्षा दिलाएंगे। वहीं खुशबू ने कहा कि वह पढ़-लिखकर आईएएस बनना चाहती हैं।










