आजमगढ़। जिले के निजामाबाद थाना क्षेत्र में दबंगों द्वारा एक युवक की बेरहमी से पिटाई किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में हुसैनाबाद गांव निवासी अब्दुल समद पुत्र अब्दुल कलाम गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवक की हालत नाजुक बताई जा रही है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पीड़ित परिवार के अनुसार, अब्दुल समद जब घर से बाहर कहीं जा रहा था, तभी गांव के ही कुछ दबंगों ने पुरानी रंजिश को लेकर उस पर हमला कर दिया। आरोप है कि शिव शक्ति ज्वेलर्स निजामाबाद के मालिक श्रवण ठठेर, उनके पुत्र निखिल और भतीजे अभिषेक ने मिलकर जानलेवा हमला किया, जिससे अब्दुल समद बेहोश हो गया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस के जरिए घायल को जिला अस्पताल भिजवाया। परिजनों का आरोप है कि पूर्व में कई बार सुलह-समझौते के प्रयास हुए, लेकिन विपक्षी आए दिन झगड़ा करते रहते हैं।








