रामगढ़ताल थाना क्षेत्र के रेल विहार फेस-3 में मंगलवार तड़के उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब इंजीनियर संजीत श्रीवास्तव के तीन मंजिला मकान की तीसरी मंजिल पर बने पूजा घर में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में धुएं ने नीचे की मंजिलों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
बताया गया कि सोमवार रात पूरा परिवार घर में सो रहा था। तड़के करीब ढाई बजे पड़ोसियों ने घर से धुआं उठता देखा तो शोर मचाते हुए दरवाजा पीटकर और कॉल बेल बजाकर परिवार को जगाया। बाहर निकलने पर पुलिस टीम और बड़ी संख्या में लोग मौके पर मौजूद थे, जिन्होंने तीसरी मंजिल पर आग लगने की जानकारी दी।
आग की सूचना मिलते ही परिवार के लोग सहम गए और आनन-फानन में ऊपर पहुंचे, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। सूचना पर फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी संतोष कुमार राय ने बताया कि समय रहते आग बुझा ली गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।








