स्वामी विवेकानंद की 163वीं जयंती के अवसर पर उपनगर गोला स्थित एमसीए पब्लिक स्कूल परिसर में आयोजित दो दिवसीय युवा महोत्सव में सनातन संस्कृति, राष्ट्रभक्ति, सामाजिक सरोकार और आधुनिक विज्ञान का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने स्वामी विवेकानंद के विचारों से प्रेरित होकर आत्मविश्वास, देशप्रेम और सामाजिक चेतना का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
महोत्सव के उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि विधायक राजेश त्रिपाठी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि यदि परिवार, समाज और देश एकजुट रहें तो दुनिया भारत को सलाम करेगी। उन्होंने युवाओं से फिल्मी दुनिया के बनावटी नायकों के बजाय स्वामी विवेकानंद जैसे महान विचारक को अपना वास्तविक नायक मानने का आह्वान किया। विधायक ने शिकागो धर्म संसद का उल्लेख करते हुए कहा कि संन्यासी वेश के कारण प्रारंभ में स्वामी विवेकानंद की अवहेलना की गई।








