जनपद की प्रभारी मंत्री गुलाब देवी ने सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित एनआईसी में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड से संबंधित जिला अनुश्रवण पुस्तिका के कार्यों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता, सतर्कता और आपसी विभागीय समन्वय के साथ करें, ताकि जनपद की रैंकिंग में और अधिक सुधार हो सके।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि विकास कार्यों में बदायूँ को प्रदेश में अग्रणी स्थान दिलाने के लिए सभी अधिकारियों को नियमित निरीक्षण, अनुश्रवण और समीक्षा को प्राथमिकता देनी होगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ आमजन तक समयबद्ध और प्रभावी रूप से पहुँचना चाहिए।
इससे पूर्व जिला कोर कमेटी की बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। केंद्रीय राज्यमंत्री बी.एल. वर्मा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े।








