गोला गोरखपुर। गोला ब्लॉक का चंदौली राजस्व गांव आज़ादी के दशकों बाद भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित है। गांव में सड़क, नाली और जल निकासी जैसी मूलभूत व्यवस्थाएं पिछले करीब 30 वर्षों से बदहाल हैं, जिससे ग्रामीणों का जनजीवन गंभीर रूप से प्रभावित हो रहा है। गंदगी, कीचड़ और जलभराव के कारण गांव में संक्रामक बीमारियों का खतरा लगातार बना हुआ है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में नालियों की समुचित व्यवस्था न होने से गंदा पानी खुले में बहता रहता है। बरसात के दिनों में हालात और भी खराब हो जाते हैं, जब सड़कों पर पानी और कीचड़ फैल जाता है। स्ट्रीट लाइट न होने के कारण रात में आवागमन बेहद मुश्किल हो जाता है। बच्चों का स्कूल जाना, बुजुर्गों का चलना और महिलाओं का रोजमर्रा का काम करना तक दूभर हो गया है।
जल निकासी की व्यवस्था न होने से ग्रामीण अपने घरों के सामने गड्ढे खोदकर पानी जमा करने को मजबूर हैं। यही पानी कई बार पास के खेतों में बह जाता है, जिससे आपसी विवाद की स्थिति भी बन रही है।








