गोला, गोरखपुर। गोला ब्लॉक के मदरिया गांव स्थित सिद्धपीठ हनुमान मंदिर पर रविवार को विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और हिंदू संगठन से जुड़े लोग शामिल हुए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वयंसेवक के प्रांत संगठन मंत्री शाश्वत जी ने कहा कि आज हिंदू समाज अपने संस्कार और संस्कृति को भूलता जा रहा है, इसी कारण समाज की स्थिति कमजोर हो रही है। उन्होंने कहा कि हिंदुओं को एकजुट होने की आवश्यकता है, तभी समाज सुरक्षित रह सकता है और सनातन राष्ट्र की दिशा में आगे बढ़ सकता है।
शाश्वत जी ने राम जन्मभूमि का उल्लेख करते हुए कहा कि उसी तरह कृष्ण जन्मभूमि पर भी भव्य मंदिर का निर्माण होना चाहिए। उन्होंने कहा कि हम हिंदू हैं और यह हिंदुस्तान हमारा है। आज हालात यह हैं कि अपने ही देश में हिंदुओं को दोयम दर्जे का नागरिक बनने का एहसास कराया जा रहा है, इसी वजह से संतों और समाजसेवियों को हिंदू समाज को जागरूक करने के लिए आगे आना पड़ रहा है।








