चंदौली। इलिया थाना क्षेत्र के डेहरी खुर्द गांव में उस समय सनसनी फैल गई जब कार सवार बदमाशों ने साइकिल से घर का सामान लेकर जा रहे एक किसान को गोली मार दी। गोली लगने से किसान गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार किसान साइकिल से सामान लेकर घर लौट रहा था, तभी रास्ते में कार सवार बदमाशों ने उसे रोक लिया और गोली मारकर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी चकिया सहित कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला जमीनी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है और गांव के ही एक व्यक्ति पर घटना को अंजाम देने का शक जताया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।








