रायबरेली में विहिप और बजरंग दल के पदाधिकारी खुले आसमान के नीचे दो दिवसीय धरने पर बैठ गए हैं। शहर कोतवाली क्षेत्र के डिग्री कॉलेज स्थित शहीद चौक पर चल रहे इस धरने में पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। धरनारत कार्यकर्ताओं ने सलोन कोतवाल और करहिया चौकी इंचार्ज को हटाने की मांग की है।
बजरंग दल के जिला संयोजक विनोद मौर्य के साथ मारपीट का आरोप पुलिस पर लगाया गया है। बताया गया कि कोर्ट से एनबीडब्ल्यू जारी होने के बाद पुलिस घर पकड़ने पहुंची थी, जहां पीड़ित को गाड़ी में बैठाने के बाद मारपीट की गई। आरोप है कि इसके बाद कोतवाली ले जाकर भी पुलिस कर्मियों ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया।
धरनारत संगठनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस प्रशासन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।








