कुशीनगर जनपद में प्रभारी मंत्री दिनेश सिंह ने वीबी जीरामजी योजना को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक के बाद प्रभारी मंत्री दिनेश सिंह प्रेस से मुखातिब हुए और योजना की खूबियां गिनाईं।
उन्होंने कहा कि वीबी जीरामजी योजना ग्रामीण जीवन को सुखद और मजबूत बनाने वाली योजना है। इस योजना को लेकर कुछ विरोधी राजनीतिक दल भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं, जबकि सरकार ने समय-समय पर इसमें सुधार किया है और अब यह बेहतर गारंटी के साथ लागू की गई है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के हर गरीब के दुख-दर्द को समझते हुए इस योजना की शुरुआत की है। उन्होंने दावा किया कि यह योजना मनरेगा से भी बेहतर है, क्योंकि इसमें 125 दिन के रोजगार की गारंटी दी जा रही है।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए दिनेश सिंह ने कहा कि कांग्रेस के लोग पहले कहते थे कि “गुड़ बोइए तो बेहतर गन्ना उगता है”, ऐसी कांग्रेस अब प्रधानमंत्री को सलाह देने की स्थिति में नहीं है।








