महराजगंज जनपद में एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए घूसखोर दरोगा को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी उप-निरीक्षक मोहम्मद अशरफ खान थाना कोतवाली महराजगंज में तैनात था। एंटी करप्शन टीम ने उसे 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक आरोपी दरोगा एक मुकदमे में धाराएं कम करने के एवज में शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग कर रहा था। पीड़ित ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन विभाग से की, जिसके बाद जाल बिछाकर कार्रवाई की गई। ट्रैप कार्रवाई थाना कोतवाली क्षेत्र के एक स्वीट्स हाउस की दुकान के सामने की गई, जहां दरोगा रिश्वत लेते ही टीम के हत्थे चढ़ गया।
एंटी करप्शन टीम ने आरोपी को मौके पर हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी दरोगा के खिलाफ थाना कोतवाली फरेंदा में अभियोग पंजीकरण की प्रक्रिया चल रही है। इस कार्रवाई के बाद विभाग में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश गया है।








