मथुरा-वृंदावन के कुंभ मेला क्षेत्र स्थित सुदामा कुटी आश्रम शताब्दी महोत्सव के साक्षी बनने को पूरी तरह तैयार है। कार्यक्रम स्थल को दुल्हन की तरह सजाया गया है और आश्रम प्रबंधन द्वारा सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। 10 जनवरी से शुरू होने वाले इस महोत्सव में आस्था, संत और साधना का भव्य महासंगम देखने को मिलेगा।
महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर श्रीराम जन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष नृत्यगोपालदास महाराज, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई प्रमुख संतों और राजनीतिक हस्तियों के पहुंचने की संभावना है।
हरी-भरी लताओं से सुसज्जित कुंभ मेला क्षेत्र इन दिनों संतों के आगमन, वेद मंत्रों की गूंज और धार्मिक गतिविधियों से जीवंत होता नजर आ रहा है। पूरे क्षेत्र में मंच, यज्ञस्थल और विशाल सभा स्थल का निर्माण किया गया है। महोत्सव को भव्य और दिव्य स्वरूप देने के लिए प्रशासन भी मुस्तैदी से व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे रहा है।








