उन्नाव। रामेश्वर महादेव मंदिर में पूर्व विधायक कुलदीप सेंगर की रिहाई की मांग को लेकर उनके समर्थकों ने यज्ञ और पूजा-अर्चना की। इस दौरान समर्थकों का कहना था कि कुलदीप सेंगर पर लगाए गए आरोप गलत हैं और उन्हें राजनीतिक साजिश के तहत फंसाया गया है।
समर्थकों ने दावा किया कि पीड़िता के परिवार से प्रधानी चुनाव को लेकर पुरानी रंजिश थी, जिसे बाद में राजनीतिक रंग दिया गया। उनका आरोप है कि विरोधियों ने कुलदीप सेंगर की राजनीतिक लोकप्रियता से घबराकर उनकी छवि खराब करने का प्रयास किया।
समर्थकों ने यह भी कहा कि वे न्यायपालिका पर पूरा भरोसा रखते हैं और इसी विश्वास के साथ यज्ञ कर कुलदीप सेंगर की रिहाई की कामना की गई।








