पहली घटना थाना देवरनियाँ क्षेत्र के गांव इटौवा की है। यहां रहने वाले 55 वर्षीय पप्पू अपने दो बेटों 20 वर्षीय विवेक और 15 वर्षीय विशाल के साथ बाइक से मजदूरी करने किच्छा जा रहे थे। जैसे ही वे गुडवर गांव के पास पहुंचे, पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों उछलकर दूर जा गिरे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। बताया गया कि पप्पू के छह बच्चे थे और पिता सहित दो कमाने वाले बेटों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
दूसरी घटना थाना हाफिजगंज क्षेत्र के रिठौरा कस्बे के पास हुई। यहां एक ई-रिक्शा में चालक समेत चार लोग सवार होकर काम पर जा रहे थे। कोहरे के कारण सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा चालक हाशिम और मजदूर मोहम्मद सलीम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नसीरुद्दीन और एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डंपर चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने दोनों मामलों में शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एक ट्रक चालक को हिरासत में लिया गया है, जबकि दूसरे हादसे के फरार डंपर चालक की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि घने कोहरे और तेज रफ्तार के कारण दोनों दुर्घटनाएं हुईं।








