मिश्रिख (सीतापुर)। मनरेगा रोजगार गारंटी अधिनियम से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का नाम हटाए जाने के प्रस्ताव के विरोध में कांग्रेस कमेटी की जिला उपाध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्य सुनीता चौधरी ने बुधवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने तहसील चौराहा स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के पास एक दिवसीय उपवास रखकर महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित तीन सूत्रीय ज्ञापन उपजिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार मिश्र को सौंपा।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि मनरेगा योजना राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के श्रम, स्वावलंबन, ग्राम स्वराज और मानवीय गरिमा के सिद्धांतों का संवैधानिक स्वरूप है। ऐसे में इस अधिनियम से महात्मा गांधी का नाम हटाने का प्रयास गांधीवादी विचारधारा का अपमान है।
कांग्रेस की ओर से मांग की गई कि मनरेगा से महात्मा गांधी का नाम हटाने संबंधी किसी भी प्रस्ताव या निर्णय पर पुनर्विचार किया जाए, इस अधिनियम को राष्ट्रपिता के नाम और विचारों के साथ अक्षुण्ण रखा जाए ।








