लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार, 08 जनवरी 2026 को राजधानी लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास 5-कालिदास मार्ग पर उत्तर प्रदेश दिवस 2026 की तैयारियों को लेकर एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में यूपी दिवस के आयोजन को भव्य, सुव्यवस्थित और जनभागीदारी से जोड़ने पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यूपी दिवस के कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदेश की संस्कृति, विरासत, विकास और उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया जाए। उन्होंने कहा कि यूपी दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि प्रदेश की पहचान, आत्मनिर्भरता और निवेश संभावनाओं को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर है।
बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों, प्रदर्शनी, निवेश एवं पर्यटन से जुड़े आयोजनों, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, यातायात प्रबंधन और प्रचार-प्रसार की तैयारियों की समीक्षा की गई।








