ठंड और शीतलहर में फर्श पर सोने को मजबूर
परिवार ने जताई चिंता, सुविधाओं पर उठाए सवाल
रामपुर। दो पैन कार्ड मामले में सजा काट रहे समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आज़म खान की तबीयत रामपुर जेल में खराब हो गई है। आज़म खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आज़म इस समय रामपुर जिला कारागार में बंद हैं। सोमवार को आज़म खान से उनकी पत्नी डॉ. तंजीन फातिमा, बेटे अदीब आज़म और उनकी बहन ने जेल में करीब एक घंटे तक मुलाकात की।
जेल से बाहर आने के बाद डॉ. तंजीन फातिमा ने बताया कि आज़म खान को बुखार और खांसी की शिकायत है। कड़ाके की ठंड और शीतलहर के बीच उन्हें फर्श पर सोना पड़ रहा है, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि जेल में पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं, जो उनकी सेहत के लिए चिंता का विषय है।
परिवार ने आज़म खान के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताते हुए उचित चिकित्सा और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।








