गोला गोरखपुर। भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी के प्रथम आगमन पर चिल्लूपार विधानसभा क्षेत्र के बड़हलगंज में भव्य और ऐतिहासिक स्वागत किया गया। यह स्वागत कार्यक्रम विधायक राजेश त्रिपाठी के नेतृत्व में नगर के अंबेडकर तिराहे पर आयोजित हुआ, जहां सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के बीच बुलडोजर से पुष्प वर्षा कर प्रदेश अध्यक्ष का जोरदार अभिनंदन किया।
स्वागत कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह, अनुशासन और संगठनात्मक एकता देखने को मिली। इस जोश और उमंग को देखकर आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में आत्मविश्वास स्पष्ट रूप से झलकता नजर आया।
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के स्वागत अवसर पर विधायक राजेश त्रिपाठी ने कहा कि चिल्लूपार क्षेत्र की संगठनात्मक शक्ति और कार्यकर्ताओं का उत्साह यह साबित करता है कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ कार्य कर रहा है।








