जी.एफ. कॉलेज में मतदाता पंजीकरण अभियान का शुभारंभ, डीएम ने उड़ाए गुब्बारे

By Liberal Media

Published On:

Date:

शाहजहांपुर। जी.एफ. कॉलेज में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के तत्वावधान में मतदाता पंजीकरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह रहे, जिनका स्वागत महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. मोहसिन हसन खान ने पुष्पगुच्छ भेंट कर किया।
कार्यक्रम की शुरुआत जिलाधिकारी ने गुब्बारे उड़ाकर एवं दीप प्रज्वलित कर की। इस अवसर पर जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि चुनाव आयोग, शासन एवं प्रशासन के संयुक्त प्रयास से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चलाया गया, जिसका उद्देश्य शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची तैयार करना था। उन्होंने बताया कि पूर्व में शाहजहांपुर जनपद में कुल 23 लाख 15 हजार मतदाता पंजीकृत थे, जो अब घटकर 18 लाख 11 हजार रह गए हैं। इस प्रक्रिया में लगभग 5 लाख 4 हजार मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए, जिनमें मृतक, स्थानांतरित अथवा एक से अधिक स्थानों पर नाम दर्ज मतदाता शामिल थे।
डीएम ने कहा कि अब लक्ष्य यह है कि जनपद का कोई भी पात्र नागरिक, जिसकी आयु 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है, मतदाता बनने से वंचित न रहे। आज का यह कार्यक्रम इसी व्यापक अभियान की औपचारिक शुरुआत है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रजनीश कुमार सिंह ने कहा कि मतदाता पंजीकरण अभियान का उद्देश्य शत-प्रतिशत पात्र नागरिकों को मतदाता बनाना है। उन्होंने इसे प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक दायित्व बताया।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. मोहसिन हसन खान ने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है और निर्वाचन प्रक्रिया लोकतंत्र की आत्मा है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे मतदान जैसे अधिकार को लेकर जागरूक रहें।
कार्यक्रम में छात्रा अलवीरा खान ने अपने विचार व्यक्त किए, जबकि छात्र कौशल ने मतदाता जागरूकता पर आधारित गीत प्रस्तुत किया। इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के नोडल अधिकारी डॉ. खलील अहमद ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन प्रो. जी.ए. कादरी ने किया और समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
इस अवसर पर सिटी मजिस्ट्रेट प्रवेन्द्र कुमार, तहसीलदार सत्येंद्र कटियार, जीआईसी प्रधानाचार्य अनिल कुमार, दपिंदर कौर, निकहत परवीन सहित महाविद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षणेत्तर कर्मचारी, एनसीसी, एनएसएस स्वयंसेवी, रेंजर्स-रोवर्स तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights