मतदाता सूची में सबसे बड़ी छंटनी: नगर विधानसभा से 1.27 लाख नाम गायब, जिलेभर में 5 लाख से अधिक कटे

By Liberal Media

Published On:

Date:

शाहजहांपुर।
जनपद में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद जारी हुई अंतिम मतदाता सूची ने राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल मचा दी है। जिले में पांच लाख से अधिक मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं, जिनमें सबसे अधिक कटौती नगर विधानसभा क्षेत्र में सामने आई है।
चौंकाने वाली बात यह है कि नगर विधानसभा-जो प्रदेश के वित्त मंत्री का क्षेत्र भी है-से ही 1 लाख 27 हजार से अधिक मतदाताओं के नाम काट दिए गए। यह आंकड़ा जिले की अन्य सभी विधानसभा क्षेत्रों की तुलना में सबसे अधिक है।
निर्वाचन विभाग के आंकड़ों के अनुसार एसआईआर से पहले शाहजहांपुर जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 23 लाख से अधिक थी, जो अब घटकर 18 लाख 40 हजार 892 रह गई है। यानी हर पांचवां मतदाता सूची से बाहर हो चुका है।
पुनरीक्षण के दौरान
96,544 मतदाता मृत पाए गए,
1,56,787 मतदाता अपने पते पर नहीं मिले,
जबकि 1,95,209 मतदाता जनपद छोड़कर अन्य जिलों या राज्यों में स्थानांतरित हो चुके बताए गए हैं।
निर्वाचन विभाग के मुताबिक जनपद में एसआईआर का कार्य 26 दिसंबर 2025 तक चला। जिले की छह विधानसभा क्षेत्रों के 2492 मतदेय स्थलों पर उतने ही बीएलओ तैनात किए गए थे, जिनकी निगरानी के लिए 256 सुपरवाइजर लगाए गए।
अंतिम सूची के अनुसार अब जनपद में
10,08,599 पुरुष,
8,02,921 महिला मतदाता शेष हैं।
हालांकि निर्वाचन अधिकारी इसे मतदाता सूची को “त्रुटिरहित” बनाने की प्रक्रिया बता रहे हैं, लेकिन इतनी बड़ी संख्या में नामों की कटौती ने कई सवाल भी खड़े कर दिए हैं-
क्या सभी नाम वास्तव में अपात्र थे?
क्या शहरी क्षेत्रों में पलायन ही एकमात्र वजह है?
और क्या आगामी चुनावों पर इसका सीधा असर पड़ेगा?

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights