कन्नौज जिला जेल की कड़ी सुरक्षा को तोड़ते हुए दो बंदी जेल से फरार हो गए। फरार कैदियों की पहचान अंकित और डिंपी उर्फ शिवा के रूप में हुई है। दोनों कैदियों ने कंबलों की रस्सी बनाकर जेल की दीवार फांदते हुए फरारी को अंजाम दिया।
घटना की सूचना मिलते ही डीएम आशुतोष एमपीएन अग्निहोत्री और एसपी विनोद कुमार मौके पर पहुंचे और जेल परिसर का निरीक्षण किया। फरार कैदियों में अंकित अवैध तमंचा मामले में, जबकि डिंपी उर्फ शिवा पोक्सो एक्ट के तहत जेल में बंद था।
डीएम ने इसे बंदी रक्षकों की बड़ी लापरवाही बताते हुए कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। दो डिप्टी जेलर सहित कई थानों की पुलिस टीमें फरार कैदियों की तलाश में जुटी हैं। एसपी ने जेल सुरक्षा की गहन जांच के आदेश दिए हैं।
मामले की विस्तृत जांच जारी है।








