कानपुर। सीसामऊ पुलिस ने ऑटो में सवारी बैठाकर लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान राघवेन्द्र, युवराज, विजय और उस्मान के रूप में हुई है, जो सभी कानपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से 6,320 रुपये नकद और एक ऑटो बरामद किया है। जांच में सामने आया है कि चारों अभियुक्तों के खिलाफ पहले से ही लूट और चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं।
इस सफल कार्रवाई पर डीसीपी सेंट्रल श्रवण कुमार सिंह ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर उनके आपराधिक नेटवर्क और अन्य घटनाओं की जानकारी जुटा रही है।








