बदायूं। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत स्वीकृत परियोजना के तहत सहसवान क्षेत्र के मुजरिया चौराहे के सौंदर्यीकरण एवं चौड़ीकरण कार्य का केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा ने गुरुवार को शिलान्यास किया। इस परियोजना पर 294.49 लाख रुपये की लागत आएगी।
केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा ने बताया कि इस योजना से मुजरिया चौराहे को नई पहचान मिलेगी और स्थानीय लोगों को यातायात में काफी सुविधा होगी। इसके साथ ही स्वर्गीय कल्याण सिंह चौक के निर्माण की भी घोषणा की गई, जिसका सौंदर्यीकरण प्रस्ताव शासन से पारित हो चुका है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीएल वर्मा ने स्वर्गीय कल्याण सिंह के जन्मदिन के अवसर पर उनके बताए मार्ग पर चलने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार जनसुविधाओं के विकास को प्राथमिकता दे रही है और सड़क सुरक्षा को लेकर निरंतर कार्य किया जा रहा है।
इस अवसर पर सदर विधायक महेश गुप्ता, जिला अध्यक्ष राजीव गुप्ता, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य सहित कई जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी उपस्थित रहे।








