आगरा में मंदिर में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। थाना न्यू आगरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 31 दिसंबर की रात चोरों ने मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपियों ने मंदिर से छत्र, मुकुट और दानपात्र में रखी नकदी चुरा ली थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तीनों अभियुक्तों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से करीब 3 किलो 450 ग्राम चांदी की ईंट, 70 हजार रुपये नकद और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पकड़े गए आरोपियों में राजू नाम का एक आरोपी सुनार है, जिसने चोरी किए गए छत्र की चांदी को गलवाकर पांच हिस्सों में बांट दिया था।
पुलिस ने बताया कि अभियुक्त राजू और हैदर के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल थाना न्यू आगरा पुलिस ने सभी अभियुक्तों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए मामले का खुलासा कर दिया है।








