उन्नाव जनपद के माखी थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान राऊ करना निवासी नीतीश (18) पुत्र शिव कुमार और मोहित (22) पुत्र किशोरी लाल के रूप में हुई है। दोनों आपस में रिश्तेदार थे।
परिजनों के अनुसार, दोनों युवक किसी काम से राऊ करना चौराहे गए थे और वापस घर लौटते समय तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। नीतीश का पोस्टमॉर्टम उन्नाव जिला अस्पताल में जबकि मोहित का कानपुर में कराया जा रहा है। पुलिस ने हादसे में शामिल कार को जब्त कर लिया है और मामले की जांच जारी है।








