सिकंदरा (कानपुर देहात)।
क्षेत्र के अनवा गांव में रात अज्ञात चोरों ने सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। छत के रास्ते घर में दाखिल हुए चोरों ने सो रही महिला को नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया और तिजोरी से नकदी व जेवरात चोरी कर ले गए।
अनवा गांव निवासी विपिन ने बताया कि शनिवार को उसके पिता महेश पाठक, कानपुर से अपनी छोटी बेटी पूनम के साथ एक कार्यक्रम में बांदा गए थे। घर पर विपिन और उसकी मां विमला देवी मौजूद थीं। रात में भोजन के बाद दोनों अलग-अलग कमरों में सो गए।
देर रात घर के पीछे की ओर से छत पर चढ़कर चोर सीढ़ी के सहारे आंगन में उतरे और कमरे में अकेली सो रही विमला देवी को नशीला पदार्थ सुंघा दिया। इसके बाद कमरे में रखी तिजोरी का ताला काटकर उसमें रखी करीब डेढ़ लाख रुपये की नकदी निकाल ली। साथ ही तिजोरी के पास रखा जेवरात से भरा बक्सा भी उठा ले गए।








