वाराणसी जिले के लोहता थाना क्षेत्र के कोरौता गांव में ग्राम सभा की बंजर भूमि पर बौद्ध विहार निर्माण को लेकर चल रहा विवाद अब थाने तक पहुंच गया है। ग्राम प्रधान दिनेश पटेल को पुलिस द्वारा डिटेन किए जाने के बाद रविवार को दर्जनों ग्राम प्रधान और समर्थक लोहता थाने पहुंच गए और धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। भीड़ ने पुलिस कार्रवाई को एकतरफा बताते हुए प्रधान की रिहाई की मांग की।
विवाद ग्राम सभा की जमीन पर प्रस्तावित निर्माण को लेकर है, जहां कुछ लोग बौद्ध विहार तो कुछ अंबेडकर प्रतिमा निर्माण के पक्ष में हैं। पहले ही प्रशासन द्वारा किसी भी स्थायी निर्माण पर रोक के निर्देश दिए गए थे। पुलिस के मुताबिक, प्रधान द्वारा अभद्र व्यवहार और ट्रैक्टर से मिट्टी डालने की कोशिश के चलते, कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका में उन्हें सुरक्षा कारणों से डिटेन किया गया है। थाने पर तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।








