वाराणसी जिले के कपसेठी थाना क्षेत्र के गजेपुर गांव में देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। नशे में धुत 35 वर्षीय युवक कृष्ण मनोहर गावस्कर उर्फ आलोक ने कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना से गांव में हड़कंप मच गया और परिजनों में कोहराम मच गया।
परिजनों के अनुसार आलोक देर रात शराब के नशे में घर पहुंचा था और किसी बात को लेकर परेशान नजर आ रहा था। परिजन उसे समझाने का प्रयास कर रहे थे, इसी बीच वह घर के सामने स्थित पुराने कुएं के पास पहुंच गया। कुछ देर बाद शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो युवक कुएं में गिरा मिला।
सूचना पर कपसेठी पुलिस और ग्रामीणों ने करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद युवक को कुएं से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना के बाद पत्नी किरण देवी का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है। थाना प्रभारी कपसेठी एस.आर. गौतम ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला नशे की हालत में संतुलन बिगड़ने या आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।








