मनीष पांडेय | सिटी रिपोर्टर
LiberalMedia
आजमगढ़। आजमगढ़ जिले को एक बार फिर बदनाम करने की साजिश सामने आई है। महाराष्ट्र के पालघर जिले में आजमगढ़ निवासी 25 वर्षीय अब्दुल रहमान सदरुद्दीन शाह द्वारा सैलून में तेज आवाज में देशविरोधी नारे वाला गाना बजाने का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। गाने के बोल “टुकड़ों में बंटेगा हिंदुस्तान, कश्मीर बनेगा पाकिस्तान” बताए जा रहे हैं, जिससे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया।
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए लालगंज लोकसभा क्षेत्र के पूर्व जिला अध्यक्ष भाजपा सूरज प्रकाश श्रीवास्तव ने इसे आजमगढ़ की छवि खराब करने की साजिश करार दिया। उन्होंने कहा कि कुछ आपराधिक और देशविरोधी मानसिकता के लोग जानबूझकर आजमगढ़ का नाम बदनाम करने में लगे हैं, जिनके पीछे विदेशी साजिश की भी आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
सूरज श्रीवास्तव ने कहा कि आजमगढ़ के हजारों लोग महाराष्ट्र, दिल्ली व अन्य राज्यों में मेहनत-मजदूरी और व्यापार कर रहे हैं, जो जिले का नाम रोशन कर रहे हैं, लेकिन कुछ गिने-चुने लोग अपनी राष्ट्रविरोधी हरकतों से पूरे जिले को कटघरे में खड़ा करने की कोशिश करते हैं। उन्होंने मांग की कि ऐसे तत्वों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई, पृष्ठभूमि की गहन जांच और सरकार स्तर पर पूरे मामले की जांच होनी चाहिए।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि कोई देशविरोधी गतिविधियों में लिप्त पाया जाता है तो उसके खिलाफ बुलडोजर जैसी सख्त कार्रवाई से भी पीछे नहीं हटना चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी राष्ट्रविरोधी सोच रखने की हिम्मत न कर सके।
इसी दौरान 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर सूरज श्रीवास्तव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा चुनावी मोड में रहती है। पार्टी निरंतर कार्यक्रमों और अभियानों के माध्यम से जनता के बीच सक्रिय रहती है, जिसका लाभ पार्टी को लगातार मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि 2027 में भाजपा न केवल सत्ता में वापसी करेगी, बल्कि आजमगढ़ समेत पूरे पूर्वांचल में सबसे अधिक सीटें जीतने का रिकॉर्ड भी बनाएगी।
उन्होंने कहा कि आजमगढ़ में जिन सीटों पर भाजपा को हार मिली, वहां भी अंतर बेहद कम था और इस बार पार्टी का वोट बैंक पहले से कहीं अधिक मजबूत हुआ है।
फोटो- – पूर्व जिला अध्यक्ष भाजपा, लालगंज: सूरज प्रकाश श्रीवास्तव








