वाराणसी। सावित्री बाई फुले जयंती के अवसर पर समता किशोरी युवा मंच से जुड़ी किशोरियों द्वारा बालिका शिक्षा को लेकर जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। यह रैली वाराणसी जिले के मिर्जामुराद क्षेत्र अंतर्गत गौर रखौना गांव में निकाली गई।
रैली की शुरुआत रखौना पंचायत भवन से हुई और इसका समापन अम्बेडकर पार्क में किया गया। रैली के दौरान किशोरियों ने “बाबा मुझको पढ़ने दो, पढ़कर आगे बढ़ने दो” और “किशोरियों ने कर दिया कमाल, चूल्हे से निकली चौपाल” जैसे प्रेरक नारों के माध्यम से शिक्षा के महत्व का संदेश दिया।
इस अवसर पर मनरेगा मजदूर यूनियन के संयोजक सुरेश राठौर ने कहा कि सावित्री बाई फुले ने अपने जीवन में किशोरियों और महिलाओं की शिक्षा पर विशेष बल दिया। उन्होंने समाज की रूढ़िवादी परंपराओं को तोड़ते हुए महिला शिक्षा की नींव रखी। उन्हीं की प्रेरणा से समता किशोरी युवा मंच किशोरियों को शिक्षित और संगठित करने का कार्य कर रहा है, ताकि वे अपने अधिकारों के लिए संगठित होकर संघर्ष कर सकें।








