उन्नाव। बारासगवर थाना क्षेत्र के बक्सर स्थित सिद्धपीठ धाम चंद्रिका देवी मंदिर में बीती रात करीब दो बजे चोरी की घटना सामने आई है। चोर मंदिर का दानपात्र उठाकर ले गए, जबकि मूर्ति के आभूषण चोरी करने का भी प्रयास किया गया। पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
हैरानी की बात यह है कि चोरी की यह वारदात पुलिस चौकी से महज 100 मीटर की दूरी पर हुई, जिससे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। घटना की जानकारी मिलने पर बारासगवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मामले में सीओ बीघापुर से जब सीसीटीवी फुटेज को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने फुटेज देने से इंकार करते हुए कहा कि इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल चोरी की घटना की तह तक जाने के लिए बारासगवर थाना पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम और एसओजी भी जांच में जुटी हुई है।








