वाराणसी जिले के लोहता थाना क्षेत्र के सबईपुर और तीतखोरी गांव के बीच रिंग रोड के किनारे शुक्रवार शाम अचानक आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में आसपास के इलाके को अपनी चपेट में ले लिया और धुएं का घना गुबार आसमान तक फैल गया, जिससे ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, करीब एक महीने पहले तारकोल का एक टैंकर फटा था और उसके बचे हुए तारकोल को रिंग रोड किनारे बने गड्ढे में फेंक दिया गया था। शुक्रवार की शाम किसी ने उसी तारकोल में आग लगा दी, जिससे लपटें तेजी से फैल गईं।
सूचना मिलते ही लोहता थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने के दौरान तीन किलोमीटर के दायरे में धुआं फैलने से बुजुर्ग और बीमार लोगों को सांस लेने में दिक्कत हुई।
पुलिस ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि तारकोल को वहां किसने फेंका था।








