गाजियाबाद के लोनी थाना क्षेत्र की अशोक विहार कॉलोनी में 26 दिसंबर को हुई एयरफोर्स से रिटायर्ड कर्मचारी योगेश कुमार की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने मृतक के पड़ोसी अरविंद को गिरफ्तार किया है।
पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि इस हत्याकांड की सुपारी खुद मृतक के बेटों ने दी थी। आरोप है कि बेटों ने 5 लाख रुपये देकर अपने पिता की हत्या कराई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अरविंद ने अपने जीजा नवीन के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। 26 दिसंबर को जब योगेश कुमार दिल्ली-सहारनपुर रोड पर जा रहे थे, तभी दोनों आरोपियों ने उन्हें गोली मार दी और मौके से फरार हो गए।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी नवीन उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही के पद पर तैनात है। मामले का खुलासा एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने किया।








