आजमगढ़। सरायमीर थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में मोबाइल टावर से बैटरी चोरी के मामले में वांछित ₹10 हजार का इनामिया अपराधी पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हो गया। घायल बदमाश को गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
सीओ फूलपुर किरण पाल सिंह के अनुसार, बुधवार भोर में गश्त के दौरान सूचना मिली कि इनामी बदमाश लालमन यादव नंदांव बाजार से सरायमीर की ओर आ रहा है। पुलिस ने नरदह पुलिया के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा और खुद को घिरता देख फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई।
घायल आरोपी लालमन यादव निवासी भक्तिन का पूरा सरैया, थाना गोसाईंगंज, जनपद अयोध्या है। उसके कब्जे से तमंचा, कारतूस और ₹540 नकद बरामद किए गए हैं। पूछताछ में उसने मार्च 2025 में अपने साथी के साथ मिलकर सरायमीर क्षेत्र के रसूलपुर स्थित मोबाइल टावर से बैटरियों की चोरी करना कबूल किया है। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है








