कानपुर। नए साल के जश्न के दौरान किसी भी तरह के हुड़दंग को रोकने के लिए कानपुर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आई। शाम पांच बजे से ही शहर के प्रमुख मार्गों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। गंगा बैराज पर शुरू हुई जांच का जायजा लेने खुद पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल मौके पर पहुंचे और अपने सामने कई वाहनों की जांच कराई।
चेकिंग के दौरान दोपहिया व चारपहिया वाहन चालकों का ब्रीथ एनालाइजर टेस्ट किया गया, ताकि ड्रिंक एंड ड्राइव पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, ब्लैक फिल्म और तीन सवारी जैसे मामलों में कई वाहनों के चालान किए गए। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को सुरक्षित तरीके से यात्रा करने की हिदायत दी।
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि रात के समय भी सघन चेकिंग जारी रहेगी। होटलों और नए साल के जश्न स्थलों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने पर कड़ी कार्रवाई तय है। साथ ही नए साल के पहले दिन मंदिरों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।








