इटावा। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में प्रवर्तन कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीएम ने ओवरलोडिंग और अवैध खनन पर पूर्ण रूप से रोक लगाने के निर्देश देते हुए कहा कि पहाड़ियों, टीलों और प्राकृतिक संरचनाओं को काटकर किसी भी स्थिति में खनन न किया जाए। केवल बंजर भूमि या ऐसे क्षेत्रों में ही खनन की अनुमति दी जाए, जहां प्राकृतिक टीले मौजूद न हों।
डीएम ने उदी मोड़ पर ओवरलोड वाहनों की विशेष जांच कर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए तथा परिवहन अधिकारी को पुलिस प्रशासन के सहयोग से संयुक्त प्रवर्तन अभियान चलाने को कहा। नववर्ष के अवसर पर अपराध नियंत्रण को लेकर नुमाइश, चर्च और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।
इसके साथ ही नकली दवाओं के निर्माण व बिक्री, झोलाछाप डॉक्टरों की पिसी हुई दवाओं, दूध, मसाले, नकली सरसों तेल और अन्य खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए।








