मैनपुरी। शेयर मार्केट में निवेश का झांसा देकर करोड़ों की ठगी करने वाले गिरोह का साइबर पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो लाख रुपये नकद, मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने निवेश के नाम पर करीब 83 लाख रुपये की धोखाधड़ी की थी। गिरफ्तार दोनों आरोपी पटना (बिहार) के निवासी बताए जा रहे हैं। साइबर पुलिस ने ठगों के खातों से 15 लाख रुपये फ्रीज कराए हैं।
एसपी सिटी अरुण कुमार ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि साइबर अपराधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि ऑनलाइन निवेश से पहले पूरी जांच-पड़ताल करें और किसी भी लालच में न आएं।








