वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र के महेश नगर कॉलोनी में सोमवार देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। 75 वर्षीय बृजेश तिवारी और उनकी 40 वर्षीय बेटी लता तिवारी ने कथित तौर पर जहर खा लिया। हादसे में बृजेश तिवारी की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि लता तिवारी की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका उपचार अस्पताल में चल रहा है।
घटना की सूचना पर नगवा चौकी प्रभारी अभिषेक कुमार सिंह और पुलिस टीम मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों को बालाजी नगर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने बृजेश तिवारी को मृत घोषित किया। एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में परिवार की आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव इस कदम के पीछे कारण माना जा रहा है।
पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और शव का पोस्टमार्टम करवा दिया है। बृजेश तिवारी का एक बेटा घर पर मौजूद नहीं था, उसकी तलाश की जा रही है। विशेष जांच टीम हर पहलू की गहन जांच में जुटी है। घटना से इलाके में शोक और स्तब्धता का माहौल है।








