फुटबॉल टूर्नामेंट का दूसरा सेमीफाइनल ड्रॉ, फाइनल से पहले होगा फिर मुकाबला

By Liberal Media

Published On:

बलिया। बेल्थरारोड के हल्दीरामपुर खेल मैदान में मंगलवार को श्रीलालमन ब्रह्म जी ऑल इंडिया फुटबॉल टूर्नामेंट का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला असम और प्रयागराज (यूपी) के बीच खेला गया, जो रोमांचक मुकाबले के बाद 1-1 की बराबरी पर ड्रॉ हो गया। निर्धारित समय और अतिरिक्त 5 मिनट के खेल में भी विजेता का फैसला नहीं हो सका।

सेमीफाइनल ड्रॉ होने के कारण फाइनल में आजमगढ़ से भिड़ने वाली टीम का फैसला फिलहाल टल गया है। आयोजकों के अनुसार बुधवार को फाइनल मैच से ठीक पहले इस सेमीफाइनल का दोबारा मुकाबला खेला जाएगा। इसके बाद फाइनल मैच होगा।

मैच का उद्घाटन समाजसेवी एवं सपा नेता राजेश पासवान और प्रबंधक अमित कुशवाहा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। आयोजक प्रवीण सिंह और रमेश सिंह ने बताया कि 31 दिसंबर को फाइनल मुकाबले के साथ ही बालिका खिलाड़ियों का विशेष मैच भी खेला जाएगा। देर शाम तक बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे, वहीं पुलिस प्रशासन भी मौके पर तैनात रहा।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights