बलिया के भीमपुरा थाना क्षेत्र के खूंटा गांव में सोमवार–मंगलवार की आधी रात चोरों ने कपड़ा और किराना की दो दुकानों के ताले तोड़कर हजारों रुपये का माल चोरी कर लिया। घटना के दौरान जागे ग्रामीणों ने एक चोर को रंगेहाथ पकड़ लिया, जबकि उसके तीन साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पकड़े गए चोर को ग्रामीणों ने पुलिस के हवाले कर दिया।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत है। पीड़ित दुकानदार मनोज और अनिल गुप्ता ने भीमपुरा थाना पुलिस को लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।








