बलिया में कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय व्यापार बंधु की बैठक आयोजित हुई। बैठक में व्यापारियों की समस्याओं की बिंदुवार समीक्षा कर समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने महिला अस्पताल परिसर और चमन सिंह बाग रोड पर सुलभ शौचालय निर्माण तथा सभी नगर पालिकाओं व नगर पंचायतों में शौचालय, मूत्रालय और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित कराने को कहा। बांसडीह के केवरा बाजार में सड़क पर लगने वाले बाजार से लगने वाले जाम को देखते हुए बाजार को बलेउर मंडी में शिफ्ट करने के निर्देश दिए गए।इसके अलावा वार्ड नंबर 10 में असुरक्षित विद्युत लाइन को लेकर विद्युत खंभा लगवाने और शहर के खराब पड़े सीसीटीवी कैमरों को जल्द दुरुस्त कराने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में डीडीओ आनंद प्रकाश सहित व्यापार बंधु मौजूद रहे।








