शिवली क्षेत्र के मैथा ब्लॉक में समेकित शिक्षा के अंतर्गत प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों के सहायक अध्यापकों का ब्लॉक स्तरीय पांच दिवसीय प्रशिक्षण मंगलवार को संपन्न हो गया। यह प्रशिक्षण 26 से 30 दिसंबर तक खंड शिक्षा अधिकारी सपना सिंह के निर्देशन में कृपाराम लक्ष्मी महाविद्यालय, बाघपुर (मैथा) में आयोजित किया गया।
दो बैचों में आयोजित इस प्रशिक्षण में कुल 105 सहायक अध्यापकों ने भाग लिया। प्रशिक्षण स्पेशल एजुकेटर पवन कुमार सिंह, बालकृष्ण तिवारी तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय अरशदपुर के सहायक अध्यापक सुनील कुमार प्रजापति द्वारा दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान दिव्यांगता के 21 प्रकार, दिव्यांग बच्चों की समस्याएं व समाधान, बौद्धिक दिव्यांगता, अधिगम अक्षमता, मूक-बधिर बच्चों की सांकेतिक भाषा से शिक्षा तथा दृष्टिबाधित बच्चों के लिए ब्रेल लिपि पढ़ने-लिखने की जानकारी दी गई। मैथा ब्लॉक के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों ने प्रशिक्षण में सहभागिता की।








