अलीगढ़ के चंडौस थाना क्षेत्र के चीमनपुर रोड स्थित A.A. इंटरप्राइजेज टायर फैक्ट्री में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 7 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार फैक्ट्री के ऊपर से गुजर रही 33 केवी हाईटेंशन लाइन से हुई स्पार्किंग को आग लगने का कारण बताया जा रहा है। आग की चपेट में आने से बिजली लाइन के तार भी टूट गए।
घटना के चलते सात बिजलीघरों से जुड़े करीब 150 गांवों की विद्युत आपूर्ति लगभग 9 घंटे तक बाधित रही। आग में फैक्ट्री में रखा कच्चा और तैयार माल जलकर खाक हो गया, जिससे लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
मौके पर प्रशासन और बिजली विभाग के अधिकारी पहुंचकर हालात का जायजा ले रहे हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच जारी है।








