फ्लाइट में एक व्यक्ति को हेलमेट पहनकर बैठे देख सभी यात्री हैरान रह गए। शुरुआत में किसी को समझ नहीं आया कि वह ऐसा क्यों कर रहा है। बाद में पता चला कि यह कोई आम यात्री नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा का संदेश देने वाले हैं
एयर इंडिया की हैदराबाद–दिल्ली फ्लाइट में उस समय सभी यात्री हैरान रह गए, जब एक व्यक्ति को हेलमेट पहने देखा गया। कुछ देर बाद फ्लाइट स्टाफ ने उन्हें इकोनॉमी क्लास से उठाकर बिज़नेस क्लास में बैठाया। यह व्यक्ति कोई और नहीं बल्कि “हेलमेट मैन ऑफ इंडिया” राघवेंद्र कुमार थे, जो हमेशा सड़क सुरक्षा का संदेश देने के लिए हेलमेट पहनकर ही यात्रा करते हैं।
यह सीट बदलने का नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को सम्मान देने का क्षण था। एयर इंडिया के कर्मचारियों ने 35 हजार फीट की ऊँचाई पर केक काटकर और एक विशेष पत्र भेंट कर उनके कार्यों को सेलिब्रेशन की तरह मनाया।
राघवेंद्र कुमार ने कहा कि यह सम्मान अपनापन और इंसानियत से भरा था। यह अनुभव इस बात की याद दिलाता है कि अच्छे कर्म केवल ज़मीन तक सीमित नहीं रहते, बल्कि आसमान तक भी पहुँचते हैं।








