महराजगंज। फरेंदा थाना क्षेत्र में पुलिस ने स्विफ्ट डिजायर कार से गांजा तस्करी का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3.870 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीना के अनुसार, नशीले पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के अभियान के तहत फरेंदा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर बनकटी मोड़ के पास घेराबंदी की गई, जहां तेज रफ्तार से आ रही एक संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार से अवैध गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके से फागू पुत्र श्यामबहादुर चौधरी निवासी फैजपुर गौराबाजार, विशाल पाण्डेय पुत्र हरीश पाण्डेय निवासी बनकटवा उत्तरी तथा श्यामसुंदर पुत्र शिवकरन यादव निवासी गुजरौलिया ग्रांट, थाना चिल्हिया जनपद सिद्धार्थनगर को गिरफ्तार किया है। तीनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर चालान भेज दिया गया है।








