मौलाना तौकीर समेत 46 के खिलाफ एक और चार्जशीट दाखिल26 सितंबर बवाल मामले में कोतवाली पुलिस की कार्रवाई

By Liberal Media

Published On:

बरेली। आई लव मुहम्मद पोस्टर विवाद को लेकर 26 सितंबर को शहर में हुए बवाल के मामले में बरेली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। आल इंडिया इत्तेहाद मिल्लत कौंसिल (आईएमसी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना तौकीर रजा समेत 46 आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में दर्ज एक और मुकदमे में चार्जशीट दाखिल कर दी गई है। इस मामले की विवेचना क्राइम ब्रांच द्वारा की जा रही है।

पुलिस के अनुसार मौलाना तौकीर रजा के आह्वान पर इस्लामिया कॉलेज मैदान में जुटी भीड़ ने अनुमति न होने के बावजूद प्रदर्शन किया और पुलिस रोकने पर उग्र हो गई। इस दौरान पथराव, फायरिंग और पुलिसकर्मियों से हथियार व वायरलेस सेट छीनने जैसी घटनाएं हुई थीं, जिसमें 20 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हुए थे।

एसपी सिटी मानुष पारिख ने बताया कि मामले में गंभीर धाराएं लगाई गई हैं, जिसके चलते आरोपियों की जमानत भी मुश्किल हो रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं और उनकी गिरफ्तारी के बाद पूरक चार्जशीट दाखिल की जाएगी।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights