मगरमच्छ से पिता की जान बचाने वाले वीर बालक अजयराज को मिला राष्ट्रपति सम्मान

By Liberal Media

Published On:

आगरा: बाह विधानसभा क्षेत्र के गांव झरनापुरा के 10 वर्षीय साहसी बालक अजयराज को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उसकी बहादुरी के लिए सम्मानित किया है। बीते दिनों चंबल नदी में पानी लेने गए उसके पिता वीरभान पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया था और उन्हें जबड़े में दबाकर पानी में खींचने लगा था।

इस दौरान अजयराज ने बिना डरे साहस का परिचय देते हुए डंडे से मगरमच्छ पर कई वार किए, जिससे मगरमच्छ ने उसके पिता को छोड़ दिया। हालांकि मगरमच्छ ने बालक पर भी हमला किया, लेकिन सूझबूझ से अजयराज ने अपनी जान बचा ली। इस साहसिक कार्य की चर्चा क्षेत्र से लेकर प्रदेश तक हुई।

राष्ट्रपति भवन में सम्मान मिलने के बाद अजयराज को उसके गांव में सांसद फतेहपुर सीकरी राजकुमार चाहर ने 51 हजार रुपये की भेंट देकर सम्मानित किया। सांसद ने परिवार से मुलाकात कर बालक की बहादुरी की सराहना की। इस अवसर पर अजयराज ने गांव की सड़क निर्माण की मांग रखी, जिस पर सांसद ने सड़क निर्माण और स्ट्रीट लाइट लगाने का आश्वासन दिया।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights